जांजगीर-चांपा में घर में आग लगाने के मामले का खुलासा, अकलतरा पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में घर में आग लगाने के मामले का खुलासा, अकलतरा पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा में घर में आग लगाने के मामले का खुलासा, अकलतरा पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में घर में आग लगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार काे एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला पर पड़ोसी के घर में आग लगाकर हजारों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच पूरी करने के बाद महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार अंधियारीपाठ, अकलतरा निवासी रूपेश कुमार सारथी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे वह अपने भतीजे ईशान के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर की छत में आग लग गई। शोर सुनकर जब वह बाहर निकला तो उसने पड़ोस में रहने वाली अनिता यादव को हाथ में जलती हुई लकड़ी लिए देखा। आरोप है कि उसे देखते ही महिला अपने घर की ओर चली गई।

रूपेश कुमार सारथी और उसके भतीजे ने तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद उसने अपने मित्र आकाश को बुलाया और आरोपित महिला के घर जाकर आग लगाने के संबंध में पूछताछ की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान महिला ने धमकी भी दी। आगजनी की इस घटना में घर में रखी कुर्सी, कपड़े, तिरपाल और लकड़ी सहित करीब 5 हजार रुपये की संपत्ति जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत के आधार पर अकलतरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया, मौका नक्शा और नुकसानी पंचनामा तैयार किया।

जांच में आरोपित महिला की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपित अनिता यादव (47 वर्ष), पति सतीश यादव, निवासी अंधियारीपाठ, वार्ड क्रमांक 19, अकलतरा ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगीठी को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story