अच्छी फसल की कामना को लेकर ग्रामीणों ने की खेत पूजा, फसल में कीट प्रकोप से बचाव की प्रार्थना
धमतरी, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के ग्राम बोड़रा में किसानों ने आज शुक्रवार को विधि-विधान से खेत पूजा कर अच्छी फसल के लिए प्रार्थना की। पूजा के बाद ग्रामीणों ने अपने खेतों में चीला-रोटी चढ़ाने की परंपरा निभाई।
ग्रामीणों के अनुसार यह पूजा प्रतिवर्ष की जाती है और इसके माध्यम से किसान अच्छी पैदावार के साथ फसल को कीट प्रकोप से सुरक्षित रखने की कामना करते हैं। बोड़रा में पंडित भूपेंद्र शर्मा ने विधि-विधान से खेत पूजा कर अच्छी फसल के लिए प्रार्थना कराई।
किसान गोपी किशन, ग्रामीण अध्यक्ष देवेंद्र मंडावी, सुमित ध्रुव, विशेषर मरकाम, भीम ध्रुव सहित अन्य किसानों ने बताया कि क्षेत्र में आईआर-64 और सांभा जैसी धान की किस्मों की बुआई की गई है। अधिकांश खेतों में धान की फसल लहलहा रही है। ग्राम बोड़रा के महेंद्र कौशिक और हरेंद्र साहू ने बताया कि हाल में हुई बारिश के बाद तैयार हो रही धान की फसल में पत्ती मोड़क और तना छेदक कीट का प्रकोप देखा जा रहा है। मौसम खुलने से अब धान के पौधों को बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है। पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष महेश पाल ने बताया कि कीट-व्याधियों से फसल को बचाने के लिए किसान अंतिम प्रयास में जुटे हैं। मौसम अनुकूल रहा तो करीब पखवाड़ेभर में फसल की कटाई शुरू हो सकती है।
सालों से की जा रही पूजा
बैगा गुहलेद ध्रुव ने बताया कि ग्रामीण विगत वर्षों से ग्राम के इष्ट देवी मां शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। मान्यता है कि पूजा-अर्चना से खेतों में होने वाले कीट प्रकोप से राहत मिलती है और अच्छी फसल का आशीर्वाद प्राप्त होता है। पंडित भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि ग्राम बोड़रा के अलावा आसपास के कसही, हंकारा, अंगारा, डाही, बिजनापुरी, छाती और खैरा सहित अन्य गांवों में भी इस परंपरा के तहत पूजा-अर्चना की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

