कोरबा में तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर जंगली सूअर का हमला, गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now


कोरबा, 09 मई (हि. स.)। कटघोरा वन मंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत तुमान क्षेत्र में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान एक महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत अमलडीहा के आश्रित मोहल्ला कचोरापरा निवासी महिला रोज की तरह शनिवार सुबह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी। इसी दौरान जंगल में अचानक एक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही जंगली सूअर ने उसे पटककर घायल कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर किसी तरह जंगली सूअर को वहां से भगाया।

हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल उसे जंगल से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। तुमान डिप्टी रेंजर प्रतिमा ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला और उसके परिजनों से मुलाकात की तथा विभाग की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि तेंदूपत्ता सीजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगलों में जाते हैं, ऐसे में वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए सावधानी जरूरी है।

इधर, ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र के जंगलों में जंगली सूअरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। कई बार खेतों और जंगल में काम करने वाले लोगों का सामना जंगली जानवरों से हो चुका है। इससे ग्रामीणों और तेंदूपत्ता संग्राहकों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर नियंत्रण करने और तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं इस घटना के बाद आसपास के गांवों में लोगों को अकेले जंगल नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story