जंगली सुअर का हमला, दो ग्रामीण घायल

WhatsApp Channel Join Now
जंगली सुअर का हमला, दो ग्रामीण घायल


बंजारी गांव में सुबह-सुबह दहशत, खेत में काम के दौरान हुई घटना

धमतरी, 06 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी के जिले के ग्राम बंजारी में सोमवार काे एक जंगली सुअर के हमले से दो ग्रामीण घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से गांव में दहशत का माहौल बन गया। घायल दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना आज उस समय हुई जब कौशिल्या बाई (60) और हिलेश ध्रुव (16) गांव के खेत में मौजूद थे। इसी दौरान झाड़ियों की ओर से अचानक निकले जंगली सुअर ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह सुअर को वहां से भगाया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

उपसरपंच चंद्रप्रकाश सिन्हा ने बताया कि संबंधित जंगली सुअर पाहंदा और बोरसी क्षेत्र की ओर से देवपुर होते हुए बंजारी गांव तक पहुंचा था। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग और अर्जुनी थाना को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण करने की मांग की है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। लोगों को खेतों और जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन और वन विभाग की टीम के गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story