कांग्रेस शासनकाल के पीएससी घोटाले पर राहुल गांधी की चुप्पी क्यों : अमित चिमनानी
रायपुर , 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं, युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में धांधली और पार्टी की आंतरिक गुटबाजी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगा है।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में गुरुवार काे आयोजित पत्रकार वार्ता में अमित चिमनानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर लोकतंत्र और संविधान की बात करती है, वहीं अपने ही संगठन में धांधली के आरोपों पर मौन है। उन्होंने कहा कि सीजीपीएससी मामले की जांच में सामने आ रहे तथ्यों को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
चिमनानी ने कहा कि वर्ष 2021-22 की सीजीपीएससी परीक्षा में करीब 1.29 लाख अभ्यर्थियों में से 170 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। उन्होंने जांच एजेंसियों द्वारा विशेष अदालत के समक्ष प्रस्तुत जानकारी का हवाला देते हुए कथित वित्तीय अनियमितताओं और करीब सवा तीन करोड़ रुपये से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है और कुछ अन्य लोग जांच के दायरे में हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं में फर्जी नियुक्तियों और पेपर लीक के माध्यम से अवैध वसूली जैसे मामले शामिल हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कुछ लोगों के नाम जांच में सामने आने का दावा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले पर जवाब मांगा। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष इस बयान में शामिल नहीं है।
मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के नाम घोषित करने पर सवाल
चिमनानी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा टी.एस. सिंहदेव और चरणदास महंत को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अभी सवा दो वर्ष का समय है और ऐसे में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों के नाम सामने रखना कांग्रेस की आंतरिक राजनीति और गुटबाजी को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या इस बयान से यह संकेत मिलता है कि भूपेश बघेल अब कांग्रेस के सर्वमान्य नेता नहीं रहे। चिमनानी ने पूर्व में सिंहदेव के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की इच्छा जताने और बैज द्वारा उन्हें दिल्ली की राजनीति करने की सलाह दिए जाने का भी उल्लेख किया।
युवा कांग्रेस चुनाव में धांधली के आरोपों का किया उल्लेख
भाजपा प्रवक्ता ने युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर से ही उठ रहे आरोपों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरगुजा कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य पंकज तिवारी ने कथित फर्जी मतदान और फर्जी मतदाता सूची का आरोप लगाते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की है।
उन्होंने कुनकुरी कांग्रेस अध्यक्ष विनय शील द्वारा पूर्व विधायक एवं संसदीय सचिव यू.डी. मिंज को चुनाव से दूर रहने की चेतावनी दिए जाने तथा भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख किया।
राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चिमनानी ने राहुल गांधी और शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। श्री चिमनानी ने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर तंज कसते हुए इसे 'झूठ की गूंज' निरूपित कर कहा कि पूरे देश में युवाओं के हक की बात करने वाले राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और सोनिया गांधी छत्तीसगढ़ के पीएससी घोटाले पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। श्री चिमनानी ने सवाल किया कि क्या इस घोटाले के सरगनाओं को कांग्रेस का संरक्षण प्राप्त है और क्या इस भ्रष्टाचार की काली कमाई शीर्ष नेतृत्व तक भी पहुंची है? कांग्रेस पार्टी इन दोनों गंभीर विषयों पर छत्तीसगढ़ की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करे।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

