नगर के प्रथम नागरिक महापौर जगदीश रामू रोहरा का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
नगर के प्रथम नागरिक महापौर जगदीश रामू रोहरा का स्वागत


धमतरी, 10 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी धमतरी द्वारा नगर के प्रथम नागरिक एवं महापौर जगदीश रामू रोहरा का बुधवार को जोरदार स्वागत किया गया। हाल ही में भाजपा प्रदेश संगठन द्वारा उन्हें बिलासपुर संभाग प्रभारी की महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपे जाने के बाद उनके प्रथम धमतरी आगमन पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

नगर के हृदय स्थल घड़ी चौक में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने शामिल होकर महापौर रोहरा का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और ढोल-नगाड़ों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर उमड़ी भीड़ उनके प्रति जनता के स्नेह और विश्वास को प्रदर्शित कर रही थी। स्वागत के दौरान महापौर जगदीश रामू रोहरा ने प्रदेश संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व प्रदान किया गया है, उसे वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से निभाएंगे। उन्होंने धमतरी नगर ही नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर संभाग के विकास, संगठन विस्तार और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के समापन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि महापौर रोहरा के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उत्साह और हर्षोल्लास के बीच स्वागत समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story