प्रभु श्रीराम के जीवन से मिलती है संघर्ष और मर्यादा की प्रेरणा: वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
प्रभु श्रीराम के जीवन से मिलती है संघर्ष और मर्यादा की प्रेरणा: वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी


रायगढ़, 31 अक्टूबर (हि.स.)। रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा करने वाले जिले के लगभग एक हजार वरिष्ठ नागरिकों का आज संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित विशेष समारोह में सम्मान किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ एवं सामूहिक हनुमान चालीसा के वाचन से हुई। वित्त मंत्री ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा रामायण आरती में शामिल हुए। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि रायगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। यह सौभाग्य की बात है कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी थीं और भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा राम हैं। इसी कारण प्रदेश में भांचा के प्रति विशेष श्रद्धा और उनके चरण स्पर्श करने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता के लिए आदर्श है। मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, संघर्ष और सेवा की प्रेरणा उनके जीवन से मिलती है।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2023 में हमारी सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को पुनः शुरू किया गया। इसके साथ ही पहले बजट में श्री रामलला दर्शन योजना प्रारंभ की गई, ताकि छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वरिष्ठजनों को तीर्थयात्रा का अवसर मिले और उन्हें यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। वित्त मंत्री ने बताया कि अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन के दौरान उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में कम से कम एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया था।

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि आज का दिन सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से विशेष संबंध है। यह माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर निर्मित होने के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिल रहा है।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन एवं श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं को तीर्थस्थलों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, मंदिरों और धार्मिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में दर्शन करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव है। उन्होंने वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी द्वारा एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने के संकल्प की सराहना की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रवींद्र गबेल ने कहा कि सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थधाम की यात्रा कराने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में तीर्थयात्रा कर लौटे वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ करने वाले दल के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे एवं उनकी टीम के सदस्यों को भी स्मृति चिह्न और श्रीरामचरित मानस पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story