जनदर्शन में 40 आवेदन पहुंचे, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनदर्शन में 40 आवेदन पहुंचे, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश


धमतरी, 04 अगस्त (हि.स.)। साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। मंगलवार के जनदर्शन में कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मजदूरी एवं लंबित पेंशन भुगतान, भूमि विवाद, राशन कार्ड, आधार संशोधन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, अतिक्रमण, राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान गढ़िया बाबा आदिवासी लोक नृत्य सेवा समिति, सरईटोला के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर बताया कि उनकी टीम 10 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में धमतरी की समृद्ध आदिवासी लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हुए लोकनृत्य की प्रस्तुति देगी।

इस अवसर पर कलेक्टर ने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, राष्ट्रीय मंच पर जिले की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी कला का प्रदर्शन धमतरी के लिए गौरव की बात है। इससे जिले की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और युवा पीढ़ी अपनी लोक परंपराओं से जुड़ने के लिए प्रेरित होगी। समिति के प्रतिनिधियों ने अपने वार्षिक महोत्सव को शासकीय वार्षिक कैलेंडर में शामिल करने तथा आयोजन के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिस पर कलेक्टर ने प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जनदर्शन के अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story