जांजगीर-चांपा में साप्ताहिक जनदर्शन आयोजित, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं लोगों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में साप्ताहिक जनदर्शन आयोजित, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं लोगों की समस्याएं


जांजगीर-चांपा, 07 जुलाई (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिले के अलग-अलग विकासखंडों और ग्रामों से आए नागरिकों ने राजस्व, आवास, प्रमाण पत्र, कृषि और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। जनदर्शन में कुल 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में तहसील चांपा के ग्राम कोसमंदा निवासी भागवत प्रसाद श्रीवास ने नई ऋण पुस्तिका जारी कराने के लिए आवेदन दिया। वहीं तहसील नवागढ़ के ग्राम अमोरा निवासी टोडर प्रसाद ने राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार कराने की मांग की। ग्राम हरदी निवासी अंकुर कुमार कश्यप ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत नवीन पंजीयन कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार तहसील मुख्यालय जांजगीर के भाटापारा निवासी किरण लाल सूर्यवंशी तथा तहसील अकलतरा निवासी हीरेंद्र कुमार कुर्रे ने भूमि सीमांकन कराने की मांग रखी। नैला के दर्रीपारा वार्ड क्रमांक-2 निवासी रिंकी प्रधान ने आय, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं तहसील पामगढ़ के ग्राम मेहंदी निवासी सुमन चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन का साप्ताहिक जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इस पहल के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के समक्ष रखकर उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ा पा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story