हफ्तेभर बाद भी टूटी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं, चार वार्डों में पानी की किल्लत

WhatsApp Channel Join Now
हफ्तेभर बाद भी टूटी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं, चार वार्डों में पानी की किल्लत


हफ्तेभर बाद भी टूटी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं, चार वार्डों में पानी की किल्लत


हफ्तेभर बाद भी टूटी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं, चार वार्डों में पानी की किल्लत


पार्षद सुमन मेश्राम ने निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जल्द मरम्मत की मांग

धमतरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सोरिद-बागतराई मार्ग की पुलिया में बच्चे फंसने की घटना के बाद रेस्क्यू के दौरान पुलिया के साथ सोरिद पानी टंकी से जाने वाली पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। घटना को एक सप्ताह बीतने के बावजूद पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने के कारण वार्डाें में पानी की समस्या बनी हुई है। वार्डवासियों ने पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सोरिद, जोधापुर, डाकबंगला और टिकरापारा वार्ड में पानी की समस्या बनी हुई है। वार्ड के जगत साहू, जयराम, पवन साहू का कहना है कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण नलों में दूषित पानी पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। दूषित पानी से डायरिया, पीलिया जैसी जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वार्डवासियों ने तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।

वार्डवासियों का कहना है कि यदि जल्द पाइपलाइन नहीं जोड़ी गई और वार्डों में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासियों के साथ निगम के जल विभाग का घेराव किया जाएगा। इस मामले में प्रभावित वार्डों के लोगों ने भी निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि पेयजल संकट दूर होने के साथ दूषित पानी की समस्या से भी राहत मिल सके।

पार्षद सुमन मेश्राम ने निगम प्रशासन पर सुस्त कार्यशैली का आरोप लगाते हुए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जल्द जोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू के दौरान पुलिया तोड़ दी गई, लेकिन इसके बाद पाइपलाइन को दोबारा जोड़ने की व्यवस्था नहीं की गई। इससे चार वार्डों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसकी लगातार निगम में शिकायत की जा रही है लेकिन इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story