मौसम का बदला मिजाज: तेज हवा, गरज-चमक और ओलों के साथ हुई बारिश

WhatsApp Channel Join Now
मौसम का बदला मिजाज: तेज हवा, गरज-चमक और ओलों के साथ हुई बारिश


मौसम का बदला मिजाज: तेज हवा, गरज-चमक और ओलों के साथ हुई बारिश


धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)।अंचल में सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवा, गरज-चमक और ओलों के साथ करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने से धूप की तीव्रता भी कम रही, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

बारिश के बाद तापमान में लगभग तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान घटकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई, वहीं किसानों और आमजन ने भी ठंडक भरे मौसम का आनंद लिया।

हालांकि आधे घंटे की बारिश से शहर की कुछ गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर निकासी नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया, जिससे आवागमन में परेशानी हुई। बनियापारा वार्ड में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वार्ड के मोहन यादव, जुगनू साहू, सूरज साहू ने कहा कि नगर निगम द्वारा निकासी नालों की बेहतर सफाई नहीं करने के कारण इस तरह की स्थिति बनती है। अगर बेहतर ढंग से सफाई की जाती तो निकासी नालियों में पानी जमा ही नहीं होता बारिश का पानी आसानी से निकल जाता है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व उत्तरप्रदेश से दक्षिणी अंदरुनी उड़ीसा तक एक द्रोणिका फैली हुई है, जो छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। साथ ही मध्य क्षोभ मंडल में लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के इलाकों में बारिश की संभावना अधिक बताई गई है। अगले 24 घंटों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story