मौसम खुला तो धूप के साथ बढ़ी उमस, सड़कों पर उड़ने लगी धूल

WhatsApp Channel Join Now
मौसम खुला तो धूप के साथ बढ़ी उमस, सड़कों पर उड़ने लगी धूल


धमतरी, 15 सितंबर (हि.स.)। भादो माह में पिछले सप्ताहभर से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद मंगलवार को मौसम खुल गया। सुबह से बारिश थमने के बाद तेज धूप निकली और उमस बढ़ गई। मौसम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली और रोजमर्रा की गतिविधियां सामान्य होने लगीं। हालांकि बारिश के कारण शहर की कई सड़कें उखड़ गई हैं। अब बारिश थमने के बाद इन सड़कों से वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उड़ने लगे हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है।

दोपहर में तापमान 31 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह की धूप लोगों को राहत देने वाली लगी, लेकिन दोपहर होते-होते धूप तेज होने के साथ उमस भी बढ़ गई। धूप से बचने के लिए महिलाएं और युवतियां स्कार्फ का सहारा लेकर घरों से निकलीं। वहीं उमस बढ़ने के कारण घरों और दफ्तरों में पंखे, कूलर और एसी फिर से चलने लगे। सप्ताहभर से खराब मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित थी।

मौसम खुलने से बाजार समेत अन्य गतिविधियां भी सामान्य नजर आईं। दूसरी ओर बारिश थमते ही शहर की बदहाल सड़कों पर धूल की समस्या गंभीर हो गई। रत्नाबांधा, सिहावा चौक, लक्ष्मी निवास रोड, नहर नाका रोड, सदर रोड सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों के गुजरने से धूल के गुबार उड़ते रहे। इससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने सड़कों की जल्द मरम्मत कराने के साथ ही धूल से राहत के लिए प्रमुख मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। जिले में 1858 मिमी औसत वर्षा: जिले में इस साल पिछले वर्षों की तुलना में अच्छी बारिश हुई है।

भू-अभिलेख शाखा से मंगलवार काे मिली जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक जिले में कुल 1858 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। धमतरी तहसील में सबसे अधिक 1995 मिमी बारिश हुई है। इसके अलावा मगरलोड में 1973 मिमी, नगरी में 1098 मिमी, कुरूद में 1075 मिमी, बेलरगांव में 1037 मिमी और कुकरेल में 1026 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। भखारा तहसील में सबसे कम 1010 मिमी बारिश हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story