छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, राजधानी में सुबह से छाए बादल

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, राजधानी में सुबह से छाए बादल


रायपुर 18 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में बीते दाे दिनाें से खण्ड वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दाे दिनों तक प्रदेश में बारिश के साथ-साथ आंधी तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं राजधानी रायपुर में आज सुबह से ही बादल छाए हुए है।

माैसम विभाग के अनुसार आज बुधवार 18 और 19 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आ गई है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज बुधवार की सुबह से ही रायपुर , बिलासपुर , दुर्ग, धमतरी और कांकेर जिला तक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक राज्य में बारिश के साथ ओले का अलर्ट है। ऐसे में रबि फसल लेने वाले किसानों की सबसे ज्यादा परेशानियां बढ़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद फिर से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को प्रदेश में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान: 37.4°C (दुर्ग), सबसे कम न्यूनतम तापमान: 16.5°C (माना, रायपुर) दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, वहीं इस बीच अधिकतम तापमान: लगभग 37°C और न्यूनतम तापमान: करीब 19°C रहेगी।

माैसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के लिए बीजापुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, मुंगेली, नारायणपुर इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां मध्यम से तेज बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है।

माैसम विभाग ने प्रदेश के बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है, यहां हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story