हेलमेट चालान से बचने नहीं, जीवन बचाने के लिए पहनें : एसपी भावना पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
हेलमेट चालान से बचने नहीं, जीवन बचाने के लिए पहनें : एसपी भावना पांडेय


रूद्री चौक से निकली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं से बचाव का दिया संदेश

धमतरी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त पहल पर शुक्रवार को रूद्री चौक से सड़क सुरक्षा एवं हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों, समाजसेवियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

लोगों को संबोधित करते हुए एसपी भावना पांडेय ने कहा कि जीवन अनमोल है और सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन की रक्षा करने वाला सुरक्षा कवच है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से स्वयं हेलमेट पहनने के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने की अपील की। साथ ही युवाओं को तेज रफ्तार से वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग करने से बचने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना भी दुर्घटनाओं को आमंत्रित करता है। यातायात नियमों का पालन करना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। सामूहिक प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर धमतरी को सुरक्षित बनाया जा सकता है। रूद्री चौक से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीएम कल्पना ध्रुव, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, यातायात पुलिस स्टाफ तथा रेडक्रॉस सोसायटी से शिवा प्रधान, सत्येन्द्र शर्मा, खिलेश्वर साहू, पोषण सिन्हा, महेश साहू, राजेंद्र चंद्राकर, मोहनी साहू, भारती साहू, रितु प्रधान, मंजू टेमरे, भावना मरकाम और देवश्री जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, नशे में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने की अपील की।

यातायात संकेतों का सम्मान करें

रैली में दोपहिया वाहन चलाते समय निर्धारित मानकों के अनुरूप हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की कि वे सड़क पर स्वयं जिम्मेदारी से व्यवहार करें और दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा धमतरी को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story