नाला पर अतिक्रमण से जलभराव, निर्माणाधीन मकान हटाने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
नाला पर अतिक्रमण से जलभराव, निर्माणाधीन मकान हटाने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीण


धमतरी, 29 सितंबर (हि. स.) । पंचायत शंकरदाह के ग्रामीणों ने बरसाती पानी की निकासी के नाले पर किए गए कथित अतिक्रमण और निर्माणाधीन मकान को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर आवेदन सौंपा।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि दीपक साहू पिता आत्माराम साहू द्वारा ग्राम के बरसाती पानी की निकासी के रास्ते को बाधित करते हुए शासकीय भूमि पर कथित रूप से अतिक्रमण कर निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में तहसीलदार धमतरी द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन संबंधित पक्ष द्वारा स्टे लिए जाने के कारण कार्रवाई रुक गई। ग्रामीणों का कहना है कि दो-तीन दिन पूर्व हुई बारिश के दौरान नाला, सड़क और गांव के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई थी।

पानी निकासी बाधित होने से आवागमन प्रभावित हुआ और बच्चों की पढ़ाई भी करीब तीन दिनों तक प्रभावित रही। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत शंकरदाह द्वारा संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य और कथित अतिक्रमण जारी है। आवेदन में ग्राम प्रमुख हेमंत साहू, विश्राम साहू, सीता ध्रुव, अर्जुन साहू, अशोक साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गोवर्धन सिन्हा पिता सेवक सिन्हा के मोबाइल नंबर के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में फर्जी शिकायत की गई, जिस पर भी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नाले से अतिक्रमण हटने पर बरसाती पानी की निकासी सुचारू होगी और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करने वालों में अनिल साहू, कमल नारायण साई, विनोद ध्रुव, जनक साहू, अशोक कुमार, जीवन साहू, जगेश, लक्ष्मीकांत साहू, हरीश नेताम, गजानंद साहू, गोवर्धन सिन्हा, लोकेश्वर सिन्हा, धनेशराम साहू, राधेश्याम, सुकदेव, मोहन ध्रुव, नटवरलाल, संतराम सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story