भर्रीपारा में जलभराव और जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी, वार्डवासियों ने निगम आयुक्त व महापौर से लगाई गुहार
धमतरी, 17 जुलाई (हि.स.)। सोरिद वार्ड के भर्रीपारा क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव और आवागमन की गंभीर समस्या को लेकर वार्डवासियों ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त और महापौर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।
सभापति कौशिल्या देवांगन के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि भर्रीपारा आंगनबाड़ी क्रमांक-02 के समीप स्थित गली और सार्वजनिक मार्ग बारिश के दिनों में पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे लोगों के घरों में पानी घुसने के साथ-साथ आवागमन भी बाधित हो रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि सोरिद पुल की ओर से तेज बहाव के साथ आने वाला पानी नाले के किनारे बनाए गए कंक्रीट सुरक्षा घेरों के बीच लगभग 7 से 8 फीट का हिस्सा खुला छोड़ दिए जाने के कारण खेतों से होकर सीधे बस्ती में प्रवेश कर रहा है।
वार्डवासियों ने मांग की है कि इस गैप को मजबूत तरीके से बंद किया जाए ताकि पानी सीधे नाले से निकल सके और बस्ती में जलभराव की स्थिति न बने। इसके अलावा भर्रीपारा नाले पर बने पुल के पास संचालित आंगनबाड़ी क्रमांक-02 के बगल से गुजरने वाली कच्ची सड़क, जो दोनों ओर की सीसी सड़क को जोड़ती है, बारिश के कारण पूरी तरह खराब हो गई है। इस मार्ग से छोटे-छोटे बच्चे और स्थानीय नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं, इसलिए सड़क पर तत्काल मुरूम अथवा मलबा डालकर समतल और मजबूत बनाने की मांग की गई है, ताकि नाले का पानी सड़क पर न आए और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। वार्डवासियों ने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कार्य नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन में नंदलाल साहू, मनोज, उषाबाई, देवबती सिन्हा, जगन्नाथ, हरीश भिन्न, महरुराम, पुराणिक, देवबती, कमलेश प्रमेश, नरोतम, बीआर सिन्हा, हरीश सिन्हा, कान्हा, महरूराम, जगन्नाथ सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने नगर निगम से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

