बिरनपारा में निस्तारी समस्या, गांव के तालाबों के लिए बोर खनन की मांग
धमतरी, 09 जुलाई (हि.स.)। नगरी विकासखंड की ग्राम पंचायत दुगली के आश्रित ग्राम बिरनपारा में जल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) एवं सीटू के पदाधिकारियों के साथ गुरूवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोनों तालाबों में तत्काल बोर खनन कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व अमृत सरोवर योजना के तहत गौरा तालाब और नया तालाब (डोकरी तालाब) का जीर्णोद्धार किया गया था, लेकिन दोनों तालाबों में पानी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। इसके कारण निस्तारी सहित दैनिक जरूरतों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विरनपारा में लगभग 200 परिवार निवास करते हैं, जिनमें अधिकांश आदिवासी परिवार हैं। पानी की कमी के कारण पारंपरिक सामाजिक और धार्मिक कार्यों, यहां तक कि आकस्मिक मृत्यु होने पर नहावन जैसी आवश्यक रस्मों का निर्वहन करना भी कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने शासन से दोनों तालाबों में शीघ्र बोर खनन कराकर स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। माकपा जिला सचिव समीर कुरैशी ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर हरीश कुमार (पंच), कीर्तन, दिनेश, चंदन कोरोम, नामेश्वर, सुनीता, गीता, राम, जागेश्वर, किशन, माताबाई, रमुला सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

