छह दिनों से जलापूर्ति ठप, अधारी नवागांव वार्ड के लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे

WhatsApp Channel Join Now
छह दिनों से जलापूर्ति ठप, अधारी नवागांव वार्ड के लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे


धमतरी, 24 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम धमतरी के अधारी नवागांव वार्ड क्रमांक आठ में पिछले छह दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। वार्ड के सार्वजनिक मोटर पंप के जल जाने से नियमित जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीन दिन पहले नगर निगम की टीम खराब मोटर पंप को निकालकर मरम्मत या बदलने के लिए ले गई थी, लेकिन अब तक नया मोटर पंप नहीं लगाया गया है। इसके चलते पूरे वार्ड के लोगों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों को सुबह-शाम पानी की व्यवस्था के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और कई परिवार दूर-दराज के हैंडपंपों व अन्य स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में भी पेयजल संकट से जूझ रहे वार्डवासियों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में इस प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। स्थानीय नागरिक साहिल अहमद, शिव नवरंग, जनक नाग, कमल भारती, प्रताप नवरंग, लक्ष्मी नवरंग, संतोष नगरची, कुणाल नगरची, रेशमा बानो, गोविंद भारती, काशी यादव, सुमित्रा नवरंग और चेतन ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मोटर पंप स्थापित कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।

उनका कहना है कि पानी की कमी के कारण दैनिक कार्यों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story