रपटा-नालों में बढ़े जलस्तर के बीच कलेक्टर और एसपी ने संभाली कमान

WhatsApp Channel Join Now
रपटा-नालों में बढ़े जलस्तर के बीच कलेक्टर और एसपी ने संभाली कमान


धमतरी, 29 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई निचले इलाकों, रपटों, छोटे पुलों और पुलियों के ऊपर पानी बहने से कुछ मार्गों पर आवागमन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है। कुकरैल-नगरी मार्ग के रपटा तथा कुकरैल-नरहरा के बीच स्थित रपटा पर पानी आने से आवाजाही रोक दी गई है। हालात को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने बुधवार को रुद्री बैराज और कुकरैल क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर जलभराव और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों से मौके की जानकारी लेकर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जाए तथा जहां रपटों, पुलों और पुलियों के ऊपर पानी बह रहा हो वहां तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। नगर सेना और राजस्व अमले को संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में लोगों को उफनते नदी-नालों, रपटों या पुल-पुलियों को पार करने की अनुमति नहीं दी जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी, इंटरनेट मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार लोगों को सतर्क करने तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलमग्न मार्गों को पार नहीं करने तथा बच्चों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन अथवा जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story