मिनीमाता बांगो जलाशय में बढ़ा जलस्तर, तीन गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मिनीमाता बांगो जलाशय में बढ़ा जलस्तर, तीन गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू


कोरबा, 15 अगस्त (हि. स.)। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में जलस्तर तेजी से बढ़ा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आज शनिवार को जल संसाधन विभाग ने जलाशय के तीन गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में करीब 5,900 क्यूसेक पानी गेटों के माध्यम से छोड़ा जा रहा है।

जलाशय का वर्तमान जलस्तर 358.66 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए फिलहाल तीन गेट ही खोले गए हैं और परिस्थितियों के अनुसार पानी की निकासी की मात्रा में आगे बदलाव किया जा सकता है। जल संसाधन विभाग एवं प्रशासन द्वारा जलाशय की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी के जलप्रवाह में वृद्धि की संभावना है। इसे देखते हुए नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

नागरिकों को अनावश्यक रूप से नदी, जलधाराओं और जलाशय के आसपास नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे रहने वाले परिवार सतर्क रहें और बच्चों एवं मवेशियों को जलधाराओं से दूर रखें। जलस्तर और पानी की निकासी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जलाशय में पानी की आवक बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गेटों की संख्या और पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।

मिनीमाता बांगो जलाशय क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story