लगातार बारिश से इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंचा, बस्तर के कई गांवों का संपर्क टूटा
जगदलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग और पड़ोसी ओडिशा में लगातार हो रही बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। नदी में बढ़ते जलस्तर के चलते जगदलपुर की पुरानी पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगा है, जबकि कई नदी-नाले उफान पर होने से दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है।
इंद्रावती नदी के साथ उसके सहायक नाले भी पूरी तरह उफान पर है, जिससे आस-पास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते नजर आ रहे हैं। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं चित्रकोट भी अपने सवाब पर नजर आ रहा है नदी-नालों के उफान के चलते दर्जनों गांवों का संपर्क भी टूट चुका है, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 7 दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अगले 24 घंटे कुछ जगह भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। यानी बारिश की गतिविधियों में फिलहाल बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
जगदलपुर तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। बेलगांव नगरनार को जोड़ने वाले मार्ग के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

