अकलतरा: जल संकट गहराने पर नहर का पानी खोलकर तालाब भरने की पहल
अकलतरा, 25 अप्रैल (हि. स.)।चांपा -जांजगीर जिले के अकलतरा नगर के वार्ड क्रमांक 20 में लगातार गिरते जलस्तर के कारण पेयजल और निस्तारी का संकट गहरा गया है। क्षेत्र के तालाब सूखने की कगार पर हैं, जिससे आसपास के कई बोरवेल भी सूख गए हैं और स्थानीय नागरिकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वार्ड पार्षद राज कुमार सिंह ने हर वर्ष की तरह इस बार भी नहर से तालाब में पानी भरवाने की पहल की। जब उन्होंने संबंधित विभाग से जानकारी ली तो पता चला कि नहर की सफाई कार्य के चलते पानी की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
इसके बाद पार्षद अपने सहयोगियों के साथ नहर विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को क्षेत्र की विकट स्थिति से अवगत कराया। मामले की जानकारी मिलते ही aaj विभाग के अधिकारी अरविंद जैन मौके पर पहुंचे। वहीं पार्षद ने दूरभाष के माध्यम से एसडीओ अजमेरिया से संपर्क कर लगभग 1500 की आबादी वाले मोहल्ले में सूख चुके बोरवेल और जल संकट की गंभीरता से अवगत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने तत्काल नहर का पानी तालाब भरने के लिए छोड़ने के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही हरप्रसाद केवट, मेलाराम बंजारे, सोनू यादव और कपिल बंजारे सहित अन्य स्थानीय लोगों ने श्रमदान कर कार्य को पूरा किया।
स्थानीय नागरिकों ने पार्षद और प्रशासन की इस त्वरित पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे जल्द ही जल संकट से राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

