जल संकट पर निगम एक्शन मोड में, 40 वार्डों में चला सघन निरीक्षण अभियान
धमतरी, 06 अप्रैल (हि.स.)।भीषण गर्मी के साथ गहराते जल संकट को लेकर नगर पालिका निगम अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शहरवासियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने शहर के सभी 40 वार्डों में सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
शनिवार सुबह शुरू हुए इस अभियान में सभापति सोनकर ने जालमपुर वार्ड, महंत घासीदास वार्ड, आमापारा वार्ड और सालेवार पारा वार्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जल आपूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन की स्थिति और टैंकर वितरण का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, जिनमें अनियमित जल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज और पानी की कमी प्रमुख रूप से सामने आई। दोपहर बाद उन्होंने लालबगीचा वार्ड, हाटकेश्वर वार्ड, सुभाष नगर और शीतला पारा वार्ड का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जहां जल संकट गंभीर है, वहां तत्काल अतिरिक्त टैंकर उपलब्ध कराए जाएं और पाइपलाइन सुधार कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।
सभापति सोनकर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी हर घर तक पर्याप्त और नियमित पानी पहुंचाना है। वर्तमान गर्मी को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, टैंकरों की संख्या बढ़ाई जा रही है और खराब पाइपलाइनों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जा रहा है।
अभियान के दौरान पार्षद हेमंत बंजारे, कुलेश सोनी, हिमानी, संजय देवांगन, भागवत साहू, पंचराम सिन्हा, मंगलु निर्मलकर और प्रह्लाद मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए समाधान में सक्रिय सहयोग दिया। नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों में राहत की उम्मीद जगी है। लगातार हो रहे मैदानी निरीक्षणों से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन अब कागजी कार्रवाई से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से जुटा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

