भीषण गर्मी में गहराया जल संकट, टैंकरों के सहारे पेयजल आपूर्ति
धमतरी, 30 मई (हि.स.)। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और गिरते जलस्तर ने कई वार्डों में पेयजल संकट को गहरा दिया है। हालात ऐसे हैं कि अनेक स्थानों पर बोरवेल से मोटर पंप के जरिए पानी नहीं निकल पा रहा, जिसके कारण नगर निगम को टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ रही है। हालांकि टैंकरों से लोगों को आंशिक राहत मिल रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब भी नहीं हो पाया है।
सुबह और शाम पानी के टैंकर पहुंचते ही वार्डों में लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। महिलाएं और बुजुर्ग बर्तन लेकर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। महिमा सागर वार्ड सहित शहर के कई इलाकों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है, जहां टैंकर ही लोगों की उम्मीद का सहारा बने हुए हैं।
एक ओर शहर के कई वार्ड जल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं प्रशासनिक प्रबंधन और सतत निगरानी के चलते स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है, जबकि कई जगह कम दबाव के कारण पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही। भीषण गर्मी में पानी की कमी ने लोगों की दैनिक दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। वार्ड निवासी प्रमिला बाई, जामुन बाई और ईश्वरी बाई साहू ने बताया कि पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। वहीं सुशीला देवांगन ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। उनका कहना है कि वार्ड में नया बोरवेल खोदा जाए, ताकि पेयजल संकट से स्थायी राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति बनती है, लेकिन अब तक कोई ठोस और दीर्घकालिक समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने नगर निगम से अतिरिक्त जल स्रोत विकसित करने, नए बोरवेल खनन कराने और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके। मालूम हो कि शहर में पेयजल आपूर्ति करने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न संसाधनों से पेयजल की आपूूर्ति की जाती है। गर्मी में पानी संकट बढ़ गया है, इससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर के 40 वार्ड में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए मोटर पंप, ओव्हरहेड टैंक, पानी टैंकर से पानी की सप्लाई की जाती है।
शहर में पेयजल व्यवस्था करने निगम प्रयासरत: अखिलेश सोनकर
जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर का कहना है कि नगर निगम का जल विभाग शहर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने लगातार कार्य कर रहा है। जल विभाग की टीम शहरवासियों को सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने दिन-रात कार्य कर रही है। जिन वार्डों से शिकायत मिल रही है उसका निराकरण किया जा रहा है। शहर के कई वार्ड में पानी टैंकर से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

