जांजगीर-चांपा : भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए सहारा बना प्याऊ, एक माह में 27 स्वयंसेवकों ने दी सेवा

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए सहारा बना प्याऊ, एक माह में 27 स्वयंसेवकों ने दी सेवा


जांजगीर-चांपा, 21 अप्रैल (हि. स.)। जिले में भीषण गर्मी के बीच जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ द्वारा संचालित ‘प्याऊ घर’ ने एक माह पूरा कर लिया है। विवेकानंद मार्ग स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास लगाए गए इस सेवा केंद्र के माध्यम से राहगीरों को लगातार शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिल रही है।

यह सेवा कार्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा और जिला मुख्य आयुक्त हितेश यादव के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। इसमें स्थानीय व्यापारी रिक्की शर्मा और लायंस क्लब जांजगीर नैला का विशेष सहयोग मिल रहा है।

21 अप्रैल को इस प्याऊ केंद्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोखरा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर तथा बीआर अंबेडकर ओपन रोवर क्रू के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर और रेंजर ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सेवा प्रदान की।

सेवा कार्य का जायजा लेने जिला सचिव दीपक कुमार यादव, व्याख्याता योगेन्द्र शुक्ला और डीओसी गाइड श्वेता जायसवाल पहुंचे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सहयोगियों के प्रति आभार जताया और कहा कि सामाजिक संस्थाओं व जागरूक नागरिकों के समन्वय से ही इस तरह के सेवा कार्य संभव हो पाते हैं।

प्याऊ घर का संचालन जिला संगठन आयुक्त डॉ. सुरेन्द्र कुमार सोनी, जिला सचिव दीपक कुमार यादव, श्वेता जायसवाल, डीटीसी पूरन लाल पटेल और डॉ. धनमत महंत के निर्देशन में किया जा रहा है।

जिला युवा समिति अध्यक्ष मोहनीश बरेठ के नेतृत्व में 21 अप्रैल को कुल 27 स्वयंसेवकों की टीम ने सेवा दी। इसमें भागीरथी बरेठ, कुलदीप यादव, पुष्कर साहू, साहिल सोनवानी, शैलेश सोनवानी, सागर सोनवानी, आयुष कंवर, पूर्वशी साहू, सोनाली पटेल, प्रतिमा बरेठ, देविका बरेठ, मोहनीश कुमार बरेठ, भूपेंद्र कुमार, भागीरथी श्रीवास, ईश्वर श्रीवास, अरमान श्रीवास, जयशंकर बरेठ, मुस्कान यादव, रोशनी साहू, भामिनी साहू, संध्या कंवर, दिवांशी यादव, अदिति यादव, अर्कजा यादव, नवी राठौर और दुर्गेश्वरी गढ़ेवल शामिल रहे।

मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों ने एक माह से लगातार चल रही इस सेवा की सराहना करते हुए इसे भीषण गर्मी में राहत देने वाला पुण्य कार्य बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story