एफआईआर नहीं तो एसडीओपी कार्यालय घेरने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
एफआईआर नहीं तो एसडीओपी कार्यालय घेरने की चेतावनी


धमतरी, 25 सितंबर (हि.स.)। नगरी ब्लॉक के ग्राम खल्लारी के बाजार चौक में आज शुक्रवार को 128 गांवों के ग्रामीणों की महाबैठक हुई। बारिश के बावजूद बैठक में छतरी व बरसाती के साथ सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी।

महाबैठक में ग्राम राजा पड़ाव, रिसगांव, बेलरबाहरा, ठेनही, बोराई, खल्लारी, ऊजरावन, करका, बहीगांव, उदंती, गहनासियार सहित सभी पारा-टोला के ग्रामीण पहुंचे। महाबैठक में कई बिंदुओं पर हुई चर्चा के बाद जल, जंगल, जमीन बचाव संघर्ष समिति सीतानदी-उदंती ने एसपी के नाम थाना प्रभारी खल्लारी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें समिति ने वन विभाग के अधिकारियों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों पर आदिवासी ग्रामीणों को विस्थापन के लिए धमकाने, पेसा ग्रामसभा का अपमान करने और कई अपशब्दों जैसी अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए इन सभी के खिलाफ थाना में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। एक सप्ताह के भीतर मांगे पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों की भीड़ ने एसडीओपी कार्यालय नगरी का घेराव करने की चेतावनी दी है।

महाबैठक में मनोज साक्षी, सिरधन सोम, रेवा देवदास, माखन सलाम, धनेश मरकाम, संजय नेताम, हिम्मत सिंह नेताम, टीकम नागवंशी, लोकेश्वरी नेताम, अर्जुन नायक, दैनिक राम मंडावी, मंगल सिंह नाग, चंद्रकुमार अग्रवानी रिसगांव, नरेश मांझी बेलरबाहरा, रवि नेताम बहिगांव, लक्ष्मण सिंह मरकाम, करन सिंह नाग उदंती, भानू राम नेताम राजापड़ाव, कुंजल नेताम, गोकुल नेताम सहित सलाहकार मंडल ईश्वरी नेताम, गोपाल सोरी, बुधराम मांझी, मीडिया प्रभारी पुरन मेश्राम, जगत कुंजाम, ऋषि ओटी, प्रभाष नाग, रोहन नेताम, सुभाष सोरी सहित 128 गांवों के पटेल, गायता, पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story