छत्तीसगढ़ में तेज गरज-चमक के साथ वज्रपात व भारी बारिश की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ में तेज गरज-चमक के साथ वज्रपात व भारी बारिश की चेतावनी


रायपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ तेज गरज-चमक और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मध्यम और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई है। वर्तमान में मानसूनी गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं।

6 और 7 अगस्त को पूरे प्रदेश में आंशिक से पूर्ण रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 अगस्त के बाद से बारिश की रफ्तार और इसका दायरा कम होने लगेगा। हालांकि, छुटपुट जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। फिलहाल 10 और 11 अगस्त के लिए कोई बड़ा चेतावनी जारी नहीं किया गया है। आगामी पांच दिनों में तापमान में भी किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है।

राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। यहां आसमान में काले बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 32°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। खराब मौसम और वज्रपात के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों और किसानों से सतर्क रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story