धमतरी जिले में अब 816 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, सात नए केंद्रों का सृजन

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिले में अब 816 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान, सात नए केंद्रों का सृजन


धमतरी, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले में आगामी चुनावों को लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किए गए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग की सहमति एवं स्वीकृति के बाद मतदान केंद्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके तहत जिले में सात नए मतदान केंद्रों का सृजन किया गया है, जिससे अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 816 हो गई है।

अंतिम सूची के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 56-सिहावा (अजजा) में 267, 57-कुरूद में 263 और 58-धमतरी में 286 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।युक्तियुक्तकरण के तहत कुरूद विधानसभा क्षेत्र में चार नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा एक मतदान केंद्र का स्थल परिवर्तन और तीन केंद्रों के भवन बदले गए हैं। वहीं धमतरी विधानसभा क्षेत्र में तीन नए मतदान केंद्रों का सृजन किया गया है। यहां चार मतदान केंद्रों के नाम में परिवर्तन करने के साथ ही दो मतदान केंद्रों के अनुभाग में भी बदलाव किया गया है। मतदान केंद्रों में हुए इन परिवर्तनों की जानकारी आम नागरिकों और मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

संशोधित सूची को तहसील कार्यालयों, स्थानीय निकायों के सूचना पटल, पंचायत भवनों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध कराने कहा गया है, ताकि मतदाता आसानी से अपने निर्धारित मतदान केंद्र की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकें। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए परिवर्तनों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और की गई कार्रवाई से जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की इस प्रक्रिया से मतदान व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होने के साथ ही मतदाताओं को मतदान के दौरान सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story