बस्तर जिले में मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
जगदलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार बस्तर जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान की विधिवत शुरुआत हो गई है। अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित किए जा रहे इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत आज गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय सहित सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों और समस्त मतदान केंद्रों पर एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
इससे पूर्व मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत आयोग से अनुमोदन प्राप्त होने के पश्चात जिले में एक भवन परिवर्तन, 04 स्थल परिवर्तन तथा 04 अनुभाग परिवर्तन के साथ संशोधित मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन 04 नवंबर 2026 को किया जा चुका है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बस्तर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 848 मतदान केंद्रों (जिसमें सुकमा जिले के 21 मतदान केंद्र भी शामिल हैं) में मतदाताओं की कुल संख्या 5,93,673 दर्ज की गई है। लोकतांत्रिक सहभागिता की दृष्टि से यह बेहद उत्साहजनक है कि जिले में महिला मतदाताओं की संख्या (3,08,274) पुरुष मतदाताओं (2,85,381) के मुकाबले अधिक है, जबकि सूची में 18 तृतीय लिंग मतदाता भी पंजीकृत हैं। विधानसभावार स्थिति पर नजर डालें तो 84-नारायणपुर के 87 मतदान केंद्रों में 31,401 पुरुष व 32,743 महिला सहित कुल 64,144 मतदाता दर्ज हैं। इसी प्रकार 85-बस्तर के 230 मतदान केंद्रों में 79,761 पुरुष, 83,935 महिला और 6 तृतीय लिंग सहित कुल 1,63,702 मतदाता, 86-जगदलपुर के 278 मतदान केंद्रों में 92,317 पुरुष, 1,00,715 महिला व 9 तृतीय लिंग सहित सर्वाधिक 1,93,041 मतदाता तथा 87-चित्रकोट के 253 मतदान केंद्रों में 81,902 पुरुष, 90,881 महिला व 3 तृतीय लिंग सहित कुल 1,72,786 मतदाता शामिल हैं।
जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपित करने अथवा संशोधन कराने हेतु नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा और इसके उपरांत 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे आवश्यक सहायक दस्तावेज संलग्न कर फॉर्म-6 के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। इसके साथ ही, 17 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी भविष्य में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए अग्रिम रूप से प्रपत्र-6 भरकर इस अभियान का लाभ उठा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

