महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित, युवाओं को मतदान के प्रति किया जागरूक
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से मतदाता पंजीयन कराने की अपील
बलरामपुर, 28 अगस्त (हि.स.)।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर एवं शासकीय संस्कृत महाविद्यालय श्रीकोट में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। आज शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रमों में महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीयन प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की जानकारी दी गई।
शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर के प्राचार्य नंदकिशोर सिंह ने छात्र-छात्राओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद मतदाता बनने और मतदान की जिम्मेदारी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मतदाता बनने के बाद नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। मतदान व्यक्ति के स्व-विवेक और व्यक्तिगत इच्छा पर निर्भर करता है तथा जिम्मेदारीपूर्वक मतदान लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी योगेश कुमार राठौर ने भारत निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली एवं ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया आसान हो गई है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में प्रविष्टियों में सुधार, स्थानांतरण या एपिक कार्ड गुम होने की स्थिति में फॉर्म-8 तथा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाता है।
इसी क्रम में सामरी विधानसभा क्षेत्र के शासकीय संस्कृत महाविद्यालय श्रीकोट के छात्र-छात्राओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों एवं मतदाताओं को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी चेतन बोरघरिया ने पात्र छात्र-छात्राओं से समय पर मतदाता पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर आगामी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

