बलरामपुर : रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाई संवेदनशीलता, 19 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : रक्तदान शिविर में युवाओं ने दिखाई संवेदनशीलता, 19 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान


बलरामपुर, 15 जून (हि.स.)। आज सोमवार को जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।

शिविर के दौरान कुल 19 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया। रक्तदाताओं में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सभी रक्तदाताओं ने मानव सेवा के इस कार्य में सहभागी बनकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

रक्तदान शिविर में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर के सफल आयोजन में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, लैब तकनीशियनों, जनप्रतिनिधियों तथा रक्तदाता समूह के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story