धमतरी में धान खरीद का आंकड़ा 19 हजार मीट्रिक टन के करीब पहुंचा, 5,475 किसानों ने बेची उपज

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में धान खरीद का आंकड़ा 19 हजार मीट्रिक टन के करीब पहुंचा, 5,475 किसानों ने बेची उपज


25 नवंबर के लिए 1,744 किसानों को जारी हुए टोकन, 6,609.36 मीट्रिक टन धान की होगी खरीद

धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीद का सिलसिला जारी है। उपार्जन केंद्रों में किसानों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान की खरीद की जा रही है। अब तक जिले के 5,475 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं और कुल 18,971.08 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। खरीद के अगले चरण में 25 नवंबर को धान विक्रय के लिए 1,744 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से 6,609.36 मीट्रिक टन धान की खरीद प्रस्तावित है।

जिला प्रशासन द्वारा खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। खरीद केंद्रों में व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों एवं उपार्जन केंद्र प्रभारियों को धान की गुणवत्ता जांच, तौल, बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता और खरीद संबंधी अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऑनलाइन एवं टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों को निर्धारित तिथि पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे जारी टोकन और निर्धारित तिथि के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में धान लेकर पहुंचें तथा खरीद संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story