खेत में पहुंचे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, देखा डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम

WhatsApp Channel Join Now
खेत में पहुंचे कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, देखा डिजिटल क्रॉप सर्वे का काम


रायगढ़ , 29 सितंबर (हि.स.)। तहसील पुसौर के ग्राम झारमुड़ा में डिजिटल क्रॉप सर्वे फेस-1 के तहत चल रहे फसल सर्वेक्षण कार्य का रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने खेत में पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वेयर एवं हल्का पटवारी द्वारा की जा रही ई-गिरदावरी की प्रक्रिया देखी तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने शत-प्रतिशत, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित सर्वे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खेत, मेड़, तालाब, पड़ती भूमि और विभिन्न फसलों का सही चिन्हांकन करते हुए फसल के वास्तविक रकबे को दर्ज करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वे कार्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने के निर्देश दिए। बता दे कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत सर्वेयर खेत में पहुंचकर फसल एवं भूमि का विवरण एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कर रहे हैं। इसमें फसल एवं खेत की फोटो भी अपलोड की जा रही है। दर्ज जानकारी का पटवारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया से प्रत्येक खेत में बोई गई फसल और उसके रकबे का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।

डिजिटल क्रॉप सर्वे से जिले में फसल क्षेत्र एवं उत्पादन संबंधी अद्यतन आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिनका उपयोग फसल बीमा, क्षति आकलन, कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी धान खरीदी की बेहतर योजना बनाने में किया जा सकेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा, तहसीलदार पुसौर श्रीमती अनुराधा पटेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story