धरने से नहीं, विजन से होगा रायगढ़ का विकास: भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान
रायगढ़ , 08 सितंबर (हि.स.)। ढिमरापुर रोड की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम की चेतावनी के बीच भाजपा ने विपक्ष पर तीखा पलटवार किया है। रायगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान ने कहा कि कांग्रेस सड़क की समस्या को लेकर आंदोलन के जरिए राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डामरीकरण और बड़े सड़क निर्माण कार्यों में तकनीकी दिक्कतें आती हैं तथा स्थायी काम मौसम अनुकूल होने के बाद ही बेहतर तरीके से किया जा सकता है।
अरुणधर दीवान ने आज अपने बयान में कहा कि सड़क दुर्घटनाएं निश्चित रूप से गंभीर विषय हैं और उनका दुख है, लेकिन दुर्घटनाओं को आधार बनाकर पूरे विकास कार्यों के खिलाफ माहौल बनाना उचित नहीं है। उनके मुताबिक सड़क की समस्या का स्थायी समाधान तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण से ही संभव होगा।
कांग्रेस द्वारा विधायक ओपी चौधरी के दिल्ली और रायपुर में अधिक समय रहने को लेकर उठाए गए सवालों पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बड़े विकास कार्यों के लिए राज्य और केंद्र स्तर पर लगातार प्रयास करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ में प्रस्तावित और चल रहे बड़े प्रोजेक्ट केवल स्थानीय स्तर के छोटे निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि इनके लिए बड़े बजट, स्वीकृति, डीपीआर और विभागीय समन्वय की आवश्यकता होती है।
दीवान ने रायगढ़ के विकास से जुड़े कई प्रस्तावित कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा परिसर, प्रगति नगर मेरिन ड्राइव, जोगीदीपा केनाल रोड, पहाड़ मंदिर पर्यटन विकास, रिंग रोड और कोड़ातराई एयर स्ट्रिप जैसे प्रोजेक्ट शहर की दीर्घकालीन जरूरतों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों के लिए राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास जरूरी हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को वर्तमान सरकार और विधायक के कामों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने भाजपा के पूर्व विधायक विजय अग्रवाल और स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि रायगढ़ में शहरी अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण पहल पहले भी हुई हैं।
दीवान ने कांग्रेस के पूर्व विधायकों के कार्यकाल को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद रायगढ़ को बड़े स्तर की विकास परियोजनाएं नहीं मिल सकीं। उन्होंने कहा कि शहर में नालंदा परिसर, मेरिन ड्राइव, केनाल रोड, पर्यटन विकास और रिंग रोड जैसी दीर्घकालीन योजनाओं की दिशा में कांग्रेस के कार्यकाल में पर्याप्त पहल नहीं हुई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने संजय कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उनका दावा है कि कांग्रेस सरकार के समय करीब 12 करोड़ रुपये के काम का टेंडर जारी किया गया था, लेकिन लंबे समय तक काम जमीन पर आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने इसी उदाहरण के आधार पर कांग्रेस से विकास कार्यों को लेकर जवाब मांगा।ओपी चौधरी को बाहरी बताए जाने की राजनीति पर भी दीवान ने कांग्रेस से सवाल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पूर्व में सरिया क्षेत्र से जुड़े नेताओं को रायगढ़ विधानसभा से प्रत्याशी बनाए जाने के समय बाहरी-भीतरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाया गया। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति बताया।
दीवान ने कहा कि विधायक की भूमिका केवल स्थानीय स्तर के छोटे कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार रायगढ़ को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बड़ी योजनाओं और मजबूत अधोसंरचना की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बड़े प्रोजेक्टों के लिए राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर लगातार प्रयास करना ही विकास की प्रक्रिया का हिस्सा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास वर्तमान में सरकार के विकास कार्यों का सकारात्मक विकल्प पेश करने के बजाय विरोध की राजनीति ही दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की जनता अब यह तय करेगी कि शहर के लिए दीर्घकालीन विकास योजना महत्वपूर्ण है या केवल आंदोलन और राजनीतिक विरोध।
अरुणधर दीवान ने दावा किया कि रायगढ़ में सड़क सुधार के साथ-साथ रिंग रोड, नालंदा परिसर, मेरिन ड्राइव और अन्य बड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम जारी है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ का विकास केवल धरना-प्रदर्शन से नहीं, बल्कि स्पष्ट विजन, बजट और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

