मुख्यमंत्री की ‘विष्णु के पाती’ से सोनकुमारी को मिला प्रोत्साहन, आत्मीय पत्र ने बढ़ाया हौसला

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री की ‘विष्णु के पाती’ से सोनकुमारी को मिला प्रोत्साहन, आत्मीय पत्र ने बढ़ाया हौसला


सूरजपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मिट्टी के दीये, गुल्लक और मटके बनाकर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहीं केशवनगर की सोनकुमारी प्रजापति को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ‘विष्णु के पाती’ पहल के माध्यम से प्रोत्साहन मिला है। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने पर सोनकुमारी ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताया।

सूरजपुर जिले के ग्राम केशवनगर की सोनकुमारी प्रजापति मिट्टी को आकार देकर दीये, गुल्लक और मटके बनाती हैं। महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर वे अपनी पारंपरिक कला को आजीविका का माध्यम बना रही हैं। मंगलवार को उनके हुनर और मेहनत की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से भेजा गया आत्मीय पत्र चर्चा में रहा।

मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से सोनकुमारी के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें इसी तरह आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया है। पत्र मिलने पर सोनकुमारी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें व्यक्तिगत रूप से पत्र मिलेगा। यह उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण है।

सोनकुमारी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका यह प्रोत्साहन उन्हें और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी उन्हें ऐसा ही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहेगा, जिससे उनका काम और आगे बढ़ सके।

उल्लेखनीय है कि ‘विष्णु के पाती’ पहल के माध्यम से मुख्यमंत्री प्रदेश की उन महिलाओं के हुनर, मेहनत और उपलब्धियों को सम्मानित कर रहे हैं, जो अपने छोटे-छोटे प्रयासों से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। यह पहल महिलाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उनके काम को पहचान दिलाने का माध्यम भी बन रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story