बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा 13 नवंबर को मनाया जाएगा ‘शौर्य दिवस’

WhatsApp Channel Join Now

रायगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आगामी 13 नवंबर को ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह श्रद्धांजलि कार्यक्रम, स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव तथा शाम को छत्तीसगढ़ के 40 बलिदान परिवारों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही सैनिक स्कूल और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर 2021 को मणिपुर में हुए आतंकी हमले में 46वीं असम राइफल्स के तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा, पुत्र अबीर और चार जवान बलिदान हो गए थे। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अपने बड़े बेटे, बहू और पोते को खोने के बाद बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी के माता-पिता सुभाष एवं आशा त्रिपाठी ने उनके स्मरण और राष्ट्रसेवा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की। ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष उनकी जयंती और शहादत दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इसी कड़ी में ट्रस्ट की हाल ही में आयोजित औपचारिक बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष भी 13 नवंबर को शौर्य दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के तहत सुबह के सत्र में बलिदानियाें को श्रद्धांजलि दी जाएगी तथा बच्चों की सहभागिता से चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव आयोजित होगा। वहीं शाम के सत्र में छत्तीसगढ़ के 40 बलिदान परिवारों का सम्मान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में ट्रस्ट द्वारा रायगढ़ जिले के 14 बलिदान परिवारों को शौर्य दिवस के मंच से सम्मानित किया गया था।

ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2025 एवं 2026 में प्रवेश परीक्षाएं उत्तीर्ण कर सैनिक स्कूल और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। यदि किसी अपरिहार्य कारण से विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो उनके माता-पिता सम्मान ग्रहण कर सकेंगे।

मिनी स्टेडियम से शुरू होगा श्रद्धांजलि कार्यक्रम

13 नवंबर को सुबह सर्वप्रथम मिनी स्टेडियम में स्थापित बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात सर्किट हाउस रोड स्थित पुष्प वाटिका बाल उद्यान में स्थापित बाल शहीद अबीर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। सुबह 9 बजे से कमला नेहरू गार्डन में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध लेखन उत्सव आयोजित होगा।

इस आयोजन में सहभागिता के लिए ट्रस्ट की ओर से राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा वित्त मंत्री एवं विधायक ओपी चौधरी को आमंत्रित किया गया है।

कई सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की रहेगी सहभागिता

शौर्य दिवस के आयोजन में 28वीं बटालियन एनसीसी, राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिक संगठन, दिव्य शक्ति, अग्रसेन सेवा संघ, काव्य वाटिका, साहित्य एवं सांस्कृतिक संस्थान स्पंदन, जेसीआई, बजरंग दल, अमेचर कबड्डी संघ, संस्कार पब्लिक स्कूल, प्रेस क्लब, इप्टा, प्रगतिशील लेखक संघ, बैंकर्स एसोसिएशन (रिटा.), कहानीबाज़ थियेटर सोसायटी तथा गुड़ी सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान सहित अनेक संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

ट्रस्ट ने चित्रकला उत्सव में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थियों से उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया है। शौर्य दिवस का उद्देश्य शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने के साथ ही नई पीढ़ी में देशभक्ति, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story