दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने बाईपास मार्ग एनएच 30 पर किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने बाईपास मार्ग एनएच 30 पर किया चक्काजाम


कांकेर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर देर रात एक कार की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने आज बुधवार काे नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई।

ग्राम नांदनमारा के ग्रामीण रूपेश्वर सिंह कड़ोपी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास ग्राम नांदनमारा के छोटेपारा निवासी ऋषि कोर्राम, पिता सुरेश एवं नवीन कुमार यादव, पिता गंगेश्वर यादव, सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे लगे डिवाइडर से टकराकर पलट गई और वहीं फंस गई।

सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग टीम ने दुर्घटनाग्रस्त कार को तत्काल सड़क से हटाया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना चाहिए। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और रात में पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाए।

ग्राम सरपंच मनोज कवाची ने कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुंचकर मांगें पूरी कराने का आश्वासन इसके बाद ही चक्काजाम समाप्त किया जायेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि बाईपास मार्ग पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। चक्काजाम की सूचना के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है और स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि, इस मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story