भाषा दक्षता बढ़ाने शिक्षक सीख रहे स्पोकन इंग्लिश और ग्रामर

WhatsApp Channel Join Now
भाषा दक्षता बढ़ाने शिक्षक सीख रहे स्पोकन इंग्लिश और ग्रामर


धमतरी, 07 मई (हि.स.)। शिक्षकों की भाषा दक्षता और शिक्षण गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ज्ञान अमृत इंग्लिश स्कूल में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को स्पोकन इंग्लिश, इंग्लिश ग्रामर तथा हिंदी ग्रामर का गहन और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपनी अभिव्यक्ति, संवाद शैली और अध्यापन कौशल को अधिक प्रभावशाली बना सकें।

लगभग डेढ़ माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सरल एवं आधुनिक तरीकों से शिक्षकों को भाषा संबंधी बारीकियों की जानकारी दी जा रही है। इंग्लिश विषय का प्रशिक्षण घनश्याम शर्मा द्वारा तथा हिंदी ग्रामर का प्रशिक्षण एनआर यादव द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ज्ञान अमृत इंग्लिश हाई स्कूल, मां दंतेश्वरी हाई स्कूल तथा गुरुकुल विद्यासागर स्कूल लोहरसी के शिक्षक-शिक्षिकाएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सही उच्चारण, प्रभावी संवाद शैली, व्याकरण की शुद्धता और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में शिक्षकों को व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से भाषा पर पकड़ मजबूत करने का अवसर भी मिल रहा है। प्रशिक्षण सत्रों में संवाद आधारित गतिविधियों, समूह चर्चा और प्रस्तुतीकरण के जरिए शिक्षकों के आत्मविश्वास को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि शिक्षक जितने अधिक प्रशिक्षित और दक्ष होंगे, विद्यार्थियों का भविष्य उतना ही मजबूत और उज्ज्वल बनेगा। प्रबंधन ने कहा कि बदलते समय में शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक हो गया है, ताकि वे नई शिक्षण तकनीकों और भाषा कौशल के साथ विद्यार्थियों का बेहतर मार्गदर्शन कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story