भैंसासांकरा को तीन साल बाद भी नहीं मिली राजस्व ग्राम की पहचान, कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
भैंसासांकरा को तीन साल बाद भी नहीं मिली राजस्व ग्राम की पहचान, कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण


धमतरी, 03 नवंबर (हि.स.)। नगरी ब्लाक के ग्राम भैंसासांकरा को पृथक राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग एक बार फिर उठी है। मंगलवार को ग्राम समिति के पदाधिकारियों सहित ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव को अलग राजस्व ग्राम की पहचान दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत सांकरा से करीब पांच किलोमीटर दूर होने के बावजूद शासकीय अभिलेखों में भैंसासांकरा का अलग अस्तित्व नहीं है।

ग्राम समिति के अध्यक्ष मुगेश कुमार ध्रुव, उपाध्यक्ष नूतन साहू, कोषाध्यक्ष देवचरण बिसेन और सचिव द्वारिका बिसेन ने बताया कि भैंसासांकरा की पहचान राजस्व एवं अन्य शासकीय अभिलेखों में सांकरा के नाम से है। दोनों गांवों के बीच करीब पांच किलोमीटर की दूरी है। अलग राजस्व ग्राम नहीं होने के कारण गांव के लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है। इस समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत सांकरा की पेसा ग्रामसभा में भैंसासांकरा को पृथक राजस्व ग्राम बनाने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में 21 अगस्त 2023 को भी तत्कालीन कलेक्टर को आवेदन देकर पृथक राजस्व ग्राम बनाने की मांग की थी। इस पर तहसीलदार नगरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से पूरे गांव का सीमांकन और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई, लेकिन इसके बाद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। तीन साल बीतने के बाद भी ग्रामीणों को सीमांकन और पंचनामा से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब सीमांकन और पंचनामा की कार्रवाई पूरी हो चुकी है तो अब पृथक राजस्व ग्राम बनाने की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। इससे गांव की स्वतंत्र राजस्व पहचान बनेगी और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत होगी। उन्होंने प्रशासन से लंबित कार्रवाई पूरी कर भैंसासांकरा को अलग राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग की है। इस दौरान प्रयाग चंद बिसेन, गिरधर चनाप, भुनेश्वर साहू, दिलीप सोम, वेदप्रकाश नागवंशी, दीपक साहू, योगेश्वर सोन, कीर्तन यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story