बारिश के बीच एक ग्रामीण का कच्चा मकान ढह गया

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के बीच एक ग्रामीण का कच्चा मकान ढह गया


जगदलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले के विकासखंड बकावंड के ग्राम मैलबेड़ा के जानीपारा में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक ग्रामीण परिवार का कच्चा मकान ढह गया। जानीपारा निवासी प्रकाश नेताम का मकान बीती रात करीब 3 बजे अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकले और अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार लगातार बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवारें पानी में भीगकर कमजोर हो गई थीं। बीती रात करीब 3 बजे दीवारों में अचानक दरार आई और देखते ही देखते पूरा मकान टीन शेड सहित जमीन पर आ गिरा। हादसे में परिवार की रोजी-रोटी का सहारा माेटरसाइकिल भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और टीवी की डिश सहित गृहस्थी का सामान भी मलबे में दब गया। सुबह की तस्वीरों में मकान का नामोनिशान तक नहीं बचा और चारों तरफ मलबा दिखाई दे रहा है।

मकान ढहने के बाद स्थानिय ग्रामीण बुधराम नेताम, नरसिंग कश्यप, महेश नेताम, बंसी कश्यप, सोमारु नाग, दया राम, लखमू कश्यप, सरपंच जोगेंद्र भारती, पंच फगनी नेताम, पंच कमल कश्यप, मनेर सिंग कश्यप, कोटवार पीलूराम बघेल, पटेल जयसिंह बेसरा और उपसरपंच मनसिंग ने जिला प्रशासन और तहसीलदार करपावंड से तत्काल राजस्व टीम मैलबेड़ा भेजकर नुकसान का पंचनामा तैयार कराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं माेटरसाइकिल क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story