मारपीट कर ग्रामीण से लूट, अंतरजिला गिरोह के आठ आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 22 जुलाई (हि.स.)। आधी रात स्कूटी सवार एक ग्रामीण से मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम देने वाले अंतरजिला गिरोह के आठ आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लूट की सामाग्री को जब्त कर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। लूट की घटना को रायपुर, बालोद, धमतरी और ओड़िशा के आरोपितों ने मिलकर अंजाम दिया है।
कुरूद पुलिस से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे ने कुरूद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात करीब दो बजे मगरलोड जाने के दौरान वह ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के समीप विश्राम करने रूका। इस दौरान वहां मौजूद कार में सवार अज्ञात लोगों ने उनके साथ जबरिया मारपीट करने लगा। साथ ही जेब में रखे नकदी नौ हजार रुपये, मोबाइल और स्कूटी को उनसे लूटकर भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित कुरूद थाना पहुंचकर पुलिस को आप बीती बताकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लुटरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर पतासाजी में जुट गई। लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों तक पहुंचने पुलिस टीम घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाला और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान किया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर अनुज ध्रुव, भूपेश उर्फ कंजे ध्रुवंशी, संजय विश्वकर्मा, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद, योगेन्द्र उर्फ योगी यादव, तीरथ यादव, अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर एवं पुरन उर्फ राजा रात्रे को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ किया, तो आरोपितों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपितों के पास से पुलिस ने लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को विधिवत जब्त कर कार्रवाई की। आरोपितों ने लूटी गई एक्टिवा को ओड़िशा राज्य के जिला नुवापाड़ा स्थित डरलीमुड़ा में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस टीम ने जब्त किया। पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आज न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
रायपुर, बालोद, धमतरी व ओड़िशा के आरोपित शामिल
गिरफ्तार आरोपितों में अनुज ध्रुव 22 वर्ष काली मंदिर खदान के पास संतोषी नगर रायपुर, भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी 20 वर्ष बजरंग चौक सेजबहार थाना मुजगहन,जिला रायपुर, संजय विश्वकर्मा 23 वर्ष निवासी पानी टंकी के पास बजरंग मंदिर सेजबहार रायपुर, राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद 24 वर्ष निवासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी सेजबहार थाना मुजगहन, जिला रायपुर, योगेन्द्र उर्फ योगी यादव 21 वर्ष रजोली-मोखा थाना रनचिरई, जिला बालोद, तीरथ यादव 23 वर्ष दोनर थाना अर्जुनी जिला धमतरी, अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर 26 वर्ष हाउसिंग बोर्ड कालोनी सेजबहार थाना मुजगहन जिला रायपुर और पुरन उर्फ राजा रात्रे 19 वर्ष डरलीमुडा नुवापाडा थाना खरियार रोड जिला नुवापारा ओड़िशा शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

