ग्रामीणाें ने की पोलावरम प्रभावित के पुनर्वास एवं मूलभूत सुविधाओं के समाधान की मांग

WhatsApp Channel Join Now
ग्रामीणाें ने की पोलावरम प्रभावित के पुनर्वास एवं मूलभूत सुविधाओं के समाधान की मांग


सुकमा, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजामकी अध्यक्षता में कोंटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत गंगरेल में पांच पंचायतों गंगलेर, सिंगाराम, गोल्लापल्ली, माराईगुड़ा और किस्टाराम की आज मंगलवार काे बैठक हुई।

बैठक में पांच पंचायतों से आए हजारों ग्रामीणों ने अपनी तकलीफ लोगों के सामने रखते हुए ग्रामीणाें ने एक सुर में वन अधिकार पट्टा, पुश्तैनी खेती की जमीन पर खुदाई, सूखा राहत और बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार और प्रशासन से समाधान की मांग की।

पोलावरम परियोजना से प्रभावित होने वाले 18 गांवों के पुनर्वास पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने विस्थापन से पहले उचित स्थान, पर्याप्त जमीन और पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में जमीन को लेकर विवाद की स्थिति न बने।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन अधिकार पट्टा नहीं मिलने के बीच वन विभाग द्वारा पंचायत की अनुमति के बिना पुश्तैनी खेती की जमीन पर सीपीटी कार्य के नाम पर खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पीढ़ियों से जिस जमीन पर उनके परिवार खेती करते आ रहे हैं, वहां इस तरह की गतिविधियों से उनकी आजीविका और भूमि अधिकारों को लेकर चिंता बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अंदरूनी गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी के बीच विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर काम होना चाहिए।

कोंटा क्षेत्र में बारिश की कमी से फसल प्रभावित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। बस्तरिया राज मोर्चा के अनुसार 07 सितंबर को कोंटा बस स्टैंड में सभा, धरना और रैली के जरिए क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा राहत देने की मांग की गई थी। अब तक उस पर पहल नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए युवा फेडरेशन ने चक्काजाम की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों ने अंदरूनी इलाकों में बिजली, पेयजल, सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को ठोस पहल की जानी चाहिए। बैठक में इन मांगों को लेकर जिला मुख्यालय सुकमा में बड़ी सभा और पैदल मार्च की तैयारी पर चर्चा की गई कार्यक्रम में बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजाम सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, पटेल, पेरमा और आंचल कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story