नाले के पास संदिग्ध हालत में मिला गांव के पंच का शव, हत्या की आशंका से जांच तेज

WhatsApp Channel Join Now
नाले के पास संदिग्ध हालत में मिला गांव के पंच का शव, हत्या की आशंका से जांच तेज


सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अक्टूबर (हि. स.)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दुल्लापुर गांव में आज गुरुवार सुबह पंच सत्रुघन नारंग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के पास मिला। मृतक के गले और शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रात 12 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही घटना प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 12 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया गया है कि गांव के कुछ लोग नाले के पानी से खेतों में सिंचाई कर रहे थे। उस समय सत्रुघन नारंग भी वहां मौजूद थे।

घटना के बाद गले पर घोंटने जैसे निशान और शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, उनकी मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण सूचना मिलने के बाद बिलाईगढ़ एसडीओपी, एएसपी और बेलादुला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बिलाईगढ़ भेज दिया है।

सरपंच प्रतिनिधि ने बताई रात की घटना पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ने मीडिया को बताया कि रात करीब एक बजे अजय नारंग और विजय नारंग उनके पास पहुंचे थे। उन्होंने कथित तौर पर बताया कि गांव के कुछ लोग उन्हें मारने के लिए दौड़ा रहे हैं और 112 पर सूचना देने की बात कही। प्रतिनिधि के मुताबिक, कुछ देर बाद इलेक्ट्रिक तार से सत्रुघन नारंग का गला बांधकर खींचने की बात भी सामने आई। इन बयानों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। संदेहियों से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story