सुकमा में विकसित भारत जी राम जी योजना का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा में विकसित भारत जी राम जी योजना का हुआ शुभारंभ


सुकमा, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के शबरी ऑडिटोरियम में आज बुधवार को विकसित भारत जी राम जी योजना का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर अमित कुमार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करते हुए विकसित गांव से विकसित भारत के संकल्प को साकार करना बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों को योजना के उद्देश्यों एवं प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसी कड़ी में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत 2 जुलाई 2026 को सुकमा जिले में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम का जिलास्तरीय आयोजन भी किया जाएगा, जो जिले के विकास अभियान को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

बताया गया कि विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करने के साथ ही पात्र परिवारों को 100 से बढ़ाकर 125 दिनों तक रोजगार तथा बेरोजगारी भत्ता जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले मजदूरी दर 262 रुपए था जिसे बढ़ाकर अब 300 रूपये किया गया है। साथ ही जल सुरक्षा एवं जल संवर्धन, मूलभूत ग्रामीण अधोसंरचना का विकास, आजीविका संवर्धन तथा बाढ़ प्रबंधन जैसे प्राथमिकता वाले कार्यों को विशेष महत्व दिए जाने की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गांवों के समग्र एवं सतत विकास पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के साथ विकास की नई इबारत लिखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story