वेदांता पावर प्लांट हादसे पर सियासत तेज: कांग्रेस जांच कमेटी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा लापरवाही पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

कोरबा/सक्ति, 16 अप्रैल (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बायलर विस्फोट ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद अब सियासी सरगर्मी भी तेज हो गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है। आज गुरुवार को समिति के सदस्य मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात की।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना बेहद गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कौन करेगा और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी।

वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि इस हादसे में प्रदेश के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आए कई मजदूरों की जान चली गई है, जो अपने परिवार का भरण-पोषण करने यहां काम करने आए थे। उन्होंने इसे बेहद दुखद और चिंताजनक बताया।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि समय-समय पर सुरक्षा मानकों की सही तरीके से जांच होती रहती, तो संभवतः इस तरह की बड़ी दुर्घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से कोई जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस की जांच समिति ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पतालों में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। समिति के सदस्यों ने पीड़ित परिवारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।

जांच समिति में नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रहिम गबेल और राजेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। समिति ने जल्द ही अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story