शंकरगढ़ में 1 दिसंबर से 8 हजार श्रमिकों को रोजगार देने का लक्ष्य, वीबी-जी रामजी योजना की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
शंकरगढ़ में 1 दिसंबर से 8 हजार श्रमिकों को रोजगार देने का लक्ष्य, वीबी-जी रामजी योजना की समीक्षा


बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)।जनपद पंचायत शंकरगढ़ में वीबी-जी रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आगामी 1 दिसंबर से 8 हजार श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में पर्याप्त श्रम आधारित कार्यों की कार्ययोजना समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में जनपद पंचायत सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय और कार्यक्रम अधिकारी ने ग्राम पंचायतवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, सरपंच, मेट, ग्राम रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत 10 श्रम आधारित कार्यों की फाइल आवश्यक दस्तावेजों के साथ दो दिनों के भीतर जनपद कार्यालय में जमा करे। साथ ही युक्तधारा-वीजीपीपी पोर्टल पर प्रत्येक पंचायत को कम से कम एक कार्य की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने को कहा गया। जल संचय जन भागीदारी पोर्टल पर पूर्ण हो चुके कार्यों और सुग्घर बाड़ी की ऑनलाइन प्रविष्टि भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण और निर्माणाधीन आवासों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा ई-केवाईसी और जल दूत अभियान के शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण सत्र में विकसित ग्राम पंचायत योजना, सुग्घर बाड़ी और जल संचय जन भागीदारी पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाई गई। प्रतिभागियों को इन पोर्टलों पर ऑनलाइन प्रविष्टि करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि पंचायत स्तर पर योजनाओं से संबंधित जानकारी समय पर अपडेट की जा सके।

बैठक के अंत में जनपद सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और मैदानी अमले से योजनाओं के लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story