रायगढ़ में व्यायाम शिक्षकों के चार पदों पर भर्ती, 17 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कार्यालय कलेक्टर, आदिवासी विकास, जिला रायगढ़ द्वारा शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर धरमजयगढ़ में व्यायाम शिक्षकों के चार पदों पर नियुक्ति के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शुक्रवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन पदों पर नियुक्ति मानदेय के आधार पर की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 40 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की कुल 100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां सीनियर, जूनियर एवं मिनी वर्ग संचालित हैं। छात्राओं के लिए एथलेटिक्स, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी और नेटबॉल सहित पाँच खेल विधाओं का संचालन किया जाता है। छात्राओं को खेल कैलेंडर के अनुसार क्षेत्रीय, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाता है। इन प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नियमित अभ्यास आवश्यक है।
जारी विज्ञप्ति में व्यायाम शिक्षकों के कुल चार पदों का वर्गवार विवरण दिया गया है। इसके अनुसार एक पद अनुसूचित जनजाति, एक पद अनारक्षित, एक पद अन्य पिछड़ा वर्ग तथा एक पद अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित है। सभी पद मुक्त श्रेणी के अंतर्गत दर्शाए गए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। व्यायाम शिक्षक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक (यूजी) तथा व्यावसायिक योग्यता बीपीएड निर्धारित की गई है।अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, शासन द्वारा आयु सीमा में निर्धारित छूट की पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट दिए जाने का प्रावधान विज्ञप्ति में उल्लेखित है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, चयन प्रक्रिया अंक आधारित होगी। इसमें स्नातक की योग्यता के प्राप्तांकों को 40 प्रतिशत, बीपीएड के प्राप्तांकों को 25 प्रतिशत तथा एनआईएस/एमपीएड योग्यताधारी अभ्यर्थियों को 10 अंक दिए जाने का प्रावधान है। शासकीय संस्था में अनुभव के लिए 15 अंक निर्धारित हैं। इसके अलावा राज्य स्तर के प्रतिभागी खिलाड़ी को 5 अंक तथा राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी खिलाड़ी को 10 अंक दिए जाएंगे।विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी का चयन किया जाएगा। चयन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि उक्त पद पूर्णतः अस्थायी हैं। इन पदों पर नियुक्ति से शासकीय सेवा में नियुक्ति अथवा नियमितीकरण की पात्रता प्राप्त नहीं होगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, रायगढ़ में 17 नवंबर 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन भेजना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित डिग्री/डिप्लोमा, अनुभव प्रमाण-पत्र, खेल प्रतियोगिताओं से संबंधित प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर, वर्तमान पता, भारतीय स्टेट बैंक के खाते के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति (जिसमें फोटो चस्पा हो) तथा पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक है। विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदन पत्र सीधे कार्यालय में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्र भी मान्य नहीं होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

