बलरामपुर : मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग 14 जुलाई को

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग 14 जुलाई को बलरामपुर में आयोजित की जाएगी। इस दौरान मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में प्रवेश की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग 14 जुलाई को सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कार्यालय, बलरामपुर में आयोजित होगी।

आदिवासी विकास विभाग के अनुसार काउंसलिंग में अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के चयनित विद्यार्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद विद्यार्थियों के उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

विभाग ने सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर दस्तावेजों का सत्यापन होने से प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सकेगी और विद्यार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story