शासकीय योजनाओं का लाभ बनाए रखने ई-केवाईसी कराएं अपडेट: जयंत नाहटा

WhatsApp Channel Join Now
शासकीय योजनाओं का लाभ बनाए रखने ई-केवाईसी कराएं अपडेट: जयंत नाहटा


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। धमतरी जिले में पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने ई-केवाईसी अभियान में तेजी ला दी है। जिले के कुल एक लाख 15 हजार पंजीकृत श्रमिकों का ई-केवाईसी 31 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ई-केवाईसी की प्रक्रिया ऑनलाइन कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से की जा रही है। अब तक लगभग 5,300 श्रमिकों के आवेदन ही ऑनलाइन हो सके हैं, जबकि शेष बड़ी संख्या में श्रमिकों का सत्यापन अभी बाकी है। सभी सीएससी संचालकों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, इसलिए अभियान को और गति देने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों, क्लस्टर नोडल अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रत्येक ग्राम पंचायत में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, श्रमिकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निकटतम सीएससी केंद्र पहुंचकर शीघ्र ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित करने तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से भी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें शासन की विभिन्न श्रमिक हितग्राही एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहेगा।

जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों एवं संबंधित विभागों को अभियान चलाकर शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने वाले श्रमिक शासन की विभिन्न श्रमिक कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इसके लिए श्रम विभाग ने सभी जनपद एवं नगर पंचायतों को ग्राम पंचायतवार श्रमिकों का डाटा उपलब्ध करा दिया है तथा क्लस्टर बनाकर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की सतत निगरानी करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story