धमतरी में नौ जिलों के 38 बटुकों का उपनयन, गूंजे वैदिक मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में नौ जिलों के 38 बटुकों का उपनयन, गूंजे वैदिक मंत्र


धमतरी, 26 अप्रैल (हि.स.)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव पखवाड़े के तहत रविवार को आस्था और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। किले स्थित श्रीराम मंदिर में नौ जिलों से पहुंचे 38 बटुकों का यज्ञोपवित (उपनयन) संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

ब्राह्मण समाज युवा एवं महिला मंच के संयुक्त तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पखवाड़ा 19 से 26 अप्रैल तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पखवाड़े के अंतर्गत किले स्थित श्रीराम मंदिर में श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह भी आयोजित हुआ। रविवार को रविवार को परीक्षित मोक्ष कथा, गीता पाठ, तुलसी वर्षा, सहस्त्रधारा, मंगल आरती और पूर्णाहुति के साथ श्रीमद भागवत कथा का विधिवत समापन किया गया। इसके बाद उपनयन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धमतरी सहित कांकेर, बालोद, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव अन्य जिले के कुल 38 बटुक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। यज्ञकर्ता पंडित अशोक शास्त्री ने बताया कि ब्राह्मण समाज में आठ से 12 वर्ष की आयु के बीच यज्ञोपवित धारण करने का विशेष महत्व है। परंपरा के अनुसार इस उम्र में प्रत्येक ब्राह्मण बालक के लिए जनेऊ धारण करना आवश्यक माना गया है। इसके बिना वह यज्ञ, वेदपाठ एवं अन्य धार्मिक कर्मकांडों के संपादन का अधिकारी नहीं होता। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे से हुई जिसमें विवाह संस्कार की तर्ज पर सभी रस्में निभाई गई। नेंग, पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बटुकों का मुंडन संस्कार कराया गया। इसके बाद पारंपरिक ढंग से बटुकों की बारात निकाली गई। जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आयोजन स्थल पहुंची। यहां पूरे विधि-विधान से यज्ञोपवित संस्कार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में कार्तिक दुबे, आनंद तिवारी, नमन पांडेय, अथर्व शर्मा, डोमेंद्र तिवारी, रणवीर पांडे, आर्यदीप पांडेय, सचिन पांडेय, होतव्य तिवारी, एकलव्य तिवारी, सचिन शुक्ला, देव तिवारी, भारतभूषण शर्मा, आदिश शर्मा, मनीष, साहिल अवस्थी, शुभम चौबे, मनमोहित भट्ट, निशांत भट्ट, हेमंत तिवारी सहित 38 बटुकों का उपनयन संस्कार किया गया।

कार्यक्रम में समाज की अध्यक्ष बरखा शर्मा, विक्रांत शर्मा, भूपेंद्र मिश्रा, कमलेश पांडेय, दीप शर्मा, रत्नेश मिश्रा, विनोद पांडेय, देवेंद्र मिश्रा, पीयूष पांडेय, अभिषेक शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के युवा एवं महिला मंच के सदस्य और सामाजिक जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story